धारचूला (पिथौरागढ़)। नगर की आंतरिक सड़कों पर फिर से डामरीकरण शुरू होगा। एक करोड़ रुपये से डामर कर नगर की आंतरिक सड़क चकाचक होगी। बीते दिनों डामरीकरण के दौरान कुछ लोगों ने लोनिवि के अभियंता और श्रमिकों के साथ मारपीट कर दी। इससे आक्रोशित होकर विभाग ने डामरीकरण का कार्य बंद कर दिया था। विवाद सुलझने के बाद मंगलवार यानी आज से काम शुरू होगा हालांकि अब डामरीकरण का कार्य रात की बजाय दिन में किया जाएगा। ईई मोहम्मद राशिद खान ने कहा कि डामरीकारण कार्य सुचारु चले इसके लिए पुलिस-प्रशासन से सुरक्षा मांगी गई है। वहीं विभाग ने नगर के विभिन्न संगठन और जनप्रतिनिधियों से सहयोग की अपील की है। विभाग ने प्रशासन से नगर से निर्माण सामग्री, मलवा और वाहनों को हटवाने में सहयोग देने का अनुरोध किया है। ईई ने बताया की डामरीकरण का कार्य चार से पांच दिनों मे पूर्ण कर लिया जाएगा।