एसओजी और अस्कोट पुलिस ने हरियाणा से लाई जा रहा अवैध शराब की खेफ पकड़ी है। पुलिस ने शराब के साथ हरियाणा, धारचूला के 13 लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस टीम को डीआईजी कुमाऊं ने 5000, पुलिस अधीक्षक ने 2500 रुपये का नगद इनाम देने की घोषणा की है।
बृहस्पतिवार शाम एसओजी प्रभारी शिशुपाल राणा ने अस्कोट के थानाध्यक्ष बीडी जोशी को शराब से भरे चार वाहनों के थल-ओगला होते हुए धारचूला की ओर आने की सूचना दी। इस पर थानाध्यक्ष ने अस्कोट तिराहे से 150 मीटर आगे काली मंदिर के पास शाम करीब 7 बजे रोड में अवरोध खड़े कर दिए। अवरोध देख शराब तस्कर वाहनों को मोड़ने लगे।
पीछे से आ रहे एसओजी प्रभारी और उनकी टीम ने वाहनों को घेर लिया। चारों वाहनों से डायरेक्टर ब्रांड रम की 934 बोतलें बरामद हुईं। बोतलों में सेल इन अरुणाचल प्रदेश लिखा है। पकड़े गए लोगों में रोहताश निवासी बदाना थाना अलेवा जिला जिंद (हरियाणा), अजीम परवेज उर्फ बंटी निवासी कुटियालखेड़ा धारचूला, रवींद्र कुमार उर्फ जीत राम निवासी हाट धारचूला, अरविंद सिंह निवासी कालिका धारचूला, प्रदीप निवासी शिमला थाना कलायत जिला कैथल हरियाणा, विकास रामना निवासी शिमला, संदीप निवासी ग्राम खेड़ीजालव, हिसार हरियाणा, सोहेब उर्फ नीटू निवासी कुटियाल खेड़ा धारचूला, सुनील निवासी खड़कभूरा जिंद हरियाणा, मुकेश कुमार निवासी खड़कभूरा जिंद हरियाणा, वीरेंद्र खड़कभूरा जिंद हरियाणा, हरदीप निवासी तलौड़ा जिंद हरियाणा, अतेंद्र निवासी तलौड़ा जिंद हरियाणा शामिल हैं। शराब पकड़ने वाले दल में डीएसपी हिमांशु साह, थानाध्यक्ष बीडी जोशी, एसओजी प्रभारी शिशुपाल राणा, हेड कांस्टेबल लेख सिंह राणा, कांस्टेबल यशपाल मेहता, किशन नाथ, महेश सिंह बोरा, संतोष सिंह, संदीप कुमार, ताजवर सिंह, अनिल कुमार शामिल थे।