पिथौरागढ़। पुलिस ने व्हाट्सएप पर अश्लील वीडियो कॉल करने के बाद वीडियो वायरल करने के नाम पर 45,43,000 रुपये वसूलने के आरोपी को मथुरा से गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार शिकायतकर्ता भाष्कर सिंह निवासी लिंठ्यूड़ा ने विगत 27 जुलाई को कोतवाली में शिकायत दर्ज की थी। उन्होंने शिकायत में कहा कि उनके व्हाट्सएप पर एक अज्ञात नंबर से वीडियो कॉल आई थाी। जिसमें एक लड़की की अश्लील वीडियो दिखाते हुए उनकी वीडियो रिकॉर्डिंग कर ली गई। इसके बाद उन्हें अलग-अलग अज्ञात नंबर से फोन आने लगे। उनकी वीडियो सोशल मीडिया में वायरल कर बदनाम करने और स्वयं को पुलिस अधिकारी बताकर उनसे 45 लाख से अधिक रुपये हड़प लिए। शिकायतकर्ता की तहरीर के आधार पर अज्ञात व्यक्ति के विरुद्ध धारा 420 भादवि के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया।
ठग की गिरफ्तारी के लिए एसआई बसंत पंत के नेतृत्व में टीम गठित की गई। पुलिस टीम ने साइबर सेल की मदद से 19 वर्षीय अजीत पुत्र रामहंस निवासी उझानी खादर थाना शेरगढ़ जिला मथुरा, उत्तर प्रदेश को 12 अगस्त को मथुरा से गिरफ्तार किया। आरोपी को न्यायालय में प्रस्तुत कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है।
-
वीडियो कॉल न करें रिसीव
पिथौरागढ़। एसपी लोकेश्वर सिंह ने लोगों से सावधान और जागरूक रहने को कहा है। उन्होंने कहा कि वर्तमान में अज्ञात नंबर से अश्लील वीडियो कॉल लोगों को की जा रही है। इसके बाद वीडियो वायरल करने के नाम पर लाखों रुपयों की मांग की जाती है। यह एक हनी ट्रैप है। उन्होंने अज्ञात नंबर से आने वाले वीडियो कॉल को रिसीव नहीं करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि ऐसा कुछ होता है बिना किसी हिचक के शिकायत साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर दर्ज कराएं और नजदीकी पुलिस थाने, साइबर सेल को सूचित करें। संवाद