पिथौरागढ़। पिथौरागढ़ जिला और महिला अस्पताल में रोगियों और तीमारदारों के फोन चुराने वाले युवक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। उसके पास से चोरी किए हुए मोबाइल भी बरामद किए गए हैं। युवक पूर्व में स्कूटी चोरी के मामले में भी जेल जा चुका है। वह न्यायालय से जमानत मिलने के बाद फरार चल रहा था। पुलिस ने आरोपी की गिरफ्तारी के लिए 10 हजार रुपये का इनाम रखा था।
जाजरदेवल निवासी कुलदीप टम्टा ने 21 जुलाई को कोतवाली पिथौरागढ़ में तहरीर दी थी कि रात में वह अपने भाई के साथ मरीज की मदद के लिए जिला अस्पताल गए हुए थे। इस दौरान एक व्यक्ति ने उनका फोन चोरी कर लिया। दार्चूला मल्लिकार्जुन निवासी कृष्ण सिंह धामी ने भी पुलिस को मोबाइल चोरी होने की तहरीर दी थी। उनका कहना था कि वह महिला अस्पताल में अपनी पत्नी का उपचार कराने गए थे। किसी अज्ञात व्यक्ति ने उनका फोन चोरी कर लिया है। पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ धारा- 380 में मुकदमा दर्ज किया।
प्रभारी निरीक्षक कोतवाली पिथौरागढ़ चंचल सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने दिनेश सिंह धामी (20) निवासी रांथी तल्ला तहसील धारचूला हाल निवासी जाजरदेवल पेट्रोल पंप को ग्रिफ बैंड के पास से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस पूछताछ में उसने बताया कि उसने पिछले जून में भी सरकारी अस्पताल से फोन चोरी किए थे। उसने वर्ष 2021 में एक स्कूटी भी चोरी की थी। वह स्कूटी चोरी के मामले में जमानत मिलने के बाद फरार चल रहा था। पुलिस ने धारा- 411/413 बढ़ाकर उसे न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया है। पुलिस टीम में एसआई मनोज कुमार, बबीता टम्टा, हेड कांस्टेबल छत्तर सिंह, कांस्टेबल कुलदीप सिंह मौजूद रहे।