संवाद न्यूज एजेंसी, पिथौरागढ़। मुनस्यारी विकासखंड के वल्थी ग्राम पंचायत में बाहरी राज्यों से आने वाले लोगों की निगरानी के लिए प्रशासन ने अभी तक किसी भी अधिकारी को नियुक्त नहीं किया है। जिस कारण बाहरी राज्यों से आए लोगों को क्वारंटीन कराने में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। यहां गलत आरक्षण के कारण अभी तक ग्राम प्रधान का चुनाव भी नहीं हो पाया है।
ग्रामीण धीरेंद्र परिहार का कहना है कि कोविड के कहर के बाद बड़ी संख्या में प्रवासी घरों को लौट रहे हैं। उन्होंने बताया कि गांव में ग्राम प्रधान का चुनाव नहीं होने के कारण प्रवासियों को होम क्वारंटीन कराने में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि शासन-प्रशासन की ओर से गांव में आए लोगों को क्वारंटीन कराने के लिए किसी भी अधिकारी को अभी तक नियुक्त नहीं किया गया है। उन्होंने प्रशासन से शीघ्र गांव के लिए नोडल अधिकारी नियुक्त करने की मांग की है।
इस मामले में एसडीएम अनिल कुुुमार शुक्ला ने बताया कि होम क्वारंटीन लोगों के लिए पूर्व प्रधान, सरपंच, आशा वर्कर, ग्राम प्रहरी आदि के माध्यम से व्यवस्था की जा रही है। होम क्वारंटीन में नियमों की अनदेखी करने वालों पर कार्रवाई होगी।