पिथौरागढ़ कलक्ट्रेट में डीएम को ज्ञापन सौंपते कासनी के लोग। संवाद
पिथौरागढ़। विकास खंड विण के ग्राम कासनी और सेरादेवल में बंद रास्तों को खुलवाने की मांग को लेकर मंदिर पुजारी और क्षेत्र के लोगों ने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा। ग्रामीणों ने कहा है कि यदि लोगों के लिए रास्ता नहीं खोला गया तो जनता आंदोलन के लिए विवश होगी।
कासनी क्षेत्र के लोग मंगलवार को कलक्ट्रेट पहुंचे और डीएम रीना जोशी को ज्ञापन सौंपा। इसमें कहा गया है कि सेना की ओर से सेरादेवल मंदिर स्थल तक आने-जाने वाले पूर्व प्रचलित रास्ते को बंद किया जा रहा है। इससे क्षेत्र के लोगों में असंतोष है। मंदिर में पूजा-पाठ करने वाले भक्तों और दर्शनार्थियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। लोग पैदल ही आवाजाही करने के लिए मजबूर हैं। रास्ते बंद होने से उनकी दिनचर्या प्रभावित हो रही है। उन्होंने जिलाधिकारी से जनहित में शीघ्र सेना से वार्ता कर रास्ता खुलवाने का अनुरोध किया। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि रास्ते नहीं खोले गए तो क्षेत्र की जनता आंदोलन को विवश होगी। ज्ञापन सौंपने वालों में जशोदा भट्ट, लता कापड़ी, सुरेश तिवारी, जगदीश भट्ट, भीम सिंह सौन, रघुवीर सिंह, विक्की मलड़ा, पंकज जोशी आदि शामिल रहे। संवाद