डीडीहाट में एसडीएम को ज्ञापन देते ग्रामीण। संवाद
डीडीहाट (पिथौरागढ़)। कार्यदायी संस्था पर गुणवत्ता विहीन मोटर पुल निर्माण का आरोप लगाते हुए ग्रामीणों ने आक्रोश जताया है। ग्रामीणों का आरोप है कि तहसील मुख्यालय से महज 10 किमी की दूरी पर देवीसूना-गराली सड़क में बन रहे मोटर पुल में खराब गुणवत्ता की सामग्री का प्रयोग किया जा रहा है। ग्रामीणों ने इसे धन की बरबादी बताते हुए जांच की मांग की है।
ग्रामीणों का आरोप है कि देवीसूना से गराली तक 21 किमी सड़क का निर्माण कार्य पीएमजीएसवाई ने किया। पहले चरण का काम पूरा होने के बाद पीआईयू विभाग ने इस सड़क पर पांच मोटर पुल बनाने का कार्य प्रारंभ कर दिया। पुल बना रही निर्माणाधीन कंपनी की ओर से पुल निर्माण के प्रयोग में लाई जा रही सामग्री गुणवत्ता विहीन है। कई बार खेतार कन्याल, देवीसूना, कूटा, गराली के ग्रामीणों ने पुल निर्माण में खराब सामग्री का प्रयोग न करने की अपील कीष ग्रामीणों का आरोप है कि कंपनी के कर्मियों ने उन्हें डराने का काम किया है।
पांच गांवों के ग्रामीणों ने खेतार कन्याल के प्रधान महेश कन्याल के नेतृत्व में एसडीएम को ज्ञापन देकर पुल का निर्माण तत्काल बंद कराने और निर्माण में मानक के अनुरूप सामग्री का प्रयोग करने की मांग की। वहीं ग्रामीणों ने विधायक बिशन सिंह चुफाल से भी पूरे मामले में हस्तक्षेप की मांग की है। ज्ञापन देने वालों में सुंदर सिंह, मदन सिंह, फकीर सिंह, रवि कन्याल, चंद्र सिंह, दान सिंह, राम सिंह, गोपाल राम सहित आदि ग्रामीण मौजूद रहे।