पिथौरागढ़। ग्रामीणों ने पीएमजीएसवाई की बुंगाछीना-बाटुवा सड़क का मलबा डंपिंग जोन के बजाय ग्राम पंचायत मोड़ी क्षेत्र में डालने का आरोप लगाया है। सामाजिक कार्यकर्ता मनोज सिंह ज्याला के नेतृत्व में ग्रामीणों ने डीएम को ज्ञापन देकर कार्रवाई की मांग की है।
मनोज का कहना है कि विकासखंड कनालीछीना के बुंगाछीना से बाटुवा सड़क में रसैपाटा से 500 मीटर पहले सड़क का पुननिर्माण और चौड़ीकरण का कार्य किया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि सड़क का मलबा डंपिंग जोन में डालने के बजाय मोड़ी क्षेत्र में फेंका जा रहा है।
मलबे के कारण सड़क से 20 मीटर नीचे लगे ग्राम पंचायत मोड़ी के राजस्व ग्राम अनुसूचित जाति बहुल बस्ती मोड़ी और गुबरौली का एकमात्र पेयजल स्रोत क्षतिग्रस्त हो गया है। हेमंत कुमार भट्ट और गणेश कुमार ने कहा कि लगातार मलबा डाला जाता रहा तो दोनों राजस्व ग्रामों को काफी नुकसान होने की आशंका है। उन्होंने मलबा डंपिंग जोन में डालने की मांग की है। क्षेत्र पंचायत सदस्य गणेश कुमार ने कहा कि विभाग निर्माण कार्य में मानकों की अनदेखी कर रहा है। संवाद