पिथौरागढ़ के घाट में मलबा आने से बंद राष्ट्रीय राजमार्ग। संवाद न्यूज एजेंसी
- फोटो : PITHORAGARH
पिथौरागढ़। दिल्ली बैंड के पास पहाड़ी दरकने से पिथौरागढ़-घाट नेशनल हाईवे 14 घंटे बंद रहा। इस दौरान दूध, राशन और सब्जियों के वाहन फंसे रहे। मलबा हटाने के बाद दिन में 12:30 बजे यातायात सुचारु हुआ। शुक्रवार रात लगभग 10:30 बजे दिल्ली बैंड के पास अचानक भारी मात्रा में मलबा आ गया। इससे सुबह के समय मैदानी क्षेत्रों से सब्जी, राशन, गैस, दूध आदि लेकर आ रहे वाहन घाट में ही फंस गए। शनिवार सुबह से बोल्डर हटाने का काम शुरू हुआ लेकिन पहाड़ी से बार-बार मलबा और पत्थर गिरने के कारण सड़क खोलने में काफी समय लगा। दिन में साढ़े बारह बजे मलबा हटाया जा सका। इसके बाद ही वाहनों का संचालन शुरू हुआ। दिल्ली बैंड में लगातार पहाड़ी से बोल्डर गिर रहे हैं। पिछले एक माह में यह सड़क छह से अधिक बार बंद हो चुकी है। पहाड़ी से पत्थर गिरने से हादसे का खतरा भी बना हुआ है।