झूलाघाट (पिथौरागढ़)। बड़ालू ग्राम पंचायत ने बाहर से आने वाले लोगों को होम क्वारंटीन न कर सेंटर क्वारंटीन करने का फैसला लिया है। सोमवार को गांव पहुंचे तीन लोगों को प्राइमरी स्कूल में क्वारंटीन किया गया। बड़ालू में प्रधान दिवाकर जोशी ने सभी वार्ड मेंबरों के साथ बैठक कर प्रशासन के होम क्वारंटीन के निर्णय का विरोध किया। सर्वसम्मति से बाहर से आने वाले लोगों को सेंटर क्वारंटीन का निर्णय लिया। ग्रामप्रधान ने राज्य के बाहर से आए अपने दो सगे भतीजों को घर से उठाकर सेंटर क्वारंटीन कर दिया। क्वारंटीन किए गए लोगों के बीच दो मीटर का फासला रखा है। उन्होने प्रशासन से प्रधानों को गांव में आने वाले प्रवासियों की सूचना उपलब्ध कराने का सुझाव दिया है। प्रवासी बिना सूचना के पहुंचने से सीधे घरों को चले जा रहे है। बाद में पता चलने के बाद क्वारंटीन किया जा रहा है। (संवाद)