चंपावत। भारत मौसम विज्ञान विभाग देहरादून की ओर से जिले में मौसम पूर्वानुमान के तहत 29 जुलाई को कहीं-कहीं गरज के साथ आकाशीय बिजली चमकने और अति तीव्र से अत्यंत तीव्र वर्षा होने की संभावना जताते हुए ऑरेंज अलर्ट घोषित किया है। इस चेतावनी और वर्तमान में हो रही वर्षा के मद्देनजर डीएम मनीष कुमार के निर्देशानुसार ने छात्र-छात्राओं की सुरक्षा के दृष्टिगत 29 जुलाई को जिले के कक्षा एक से 12 तक संचालित सभी राजकीय, परिषदीय, सहायता प्राप्त, मान्यता प्राप्त निजी विद्यालयों और समस्त आंगनबाड़ी केंद्रों में एक दिवसीय अवकाश घोषित किया गया है। इस संबंध में अपर जिला मजिस्ट्रेट और मुख्य कार्यकारी अधिकारी जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण केएन गोस्वामी के जारी आदेश के अनुसार अवकाश के दौरान विद्यार्थियों के पठन-पाठन का कार्य ऑनलाइन माध्यम से संचालित किया जाएगा। मुख्य शिक्षाधिकारी मान सिंह और जिला कार्यक्रम अधिकारी प्रकाश सिंह बृजवाल को इस आदेश का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए गए हैं।