संवाद न्यूज एजेंसी पिथौरागढ़। कोरोना ड्यूटी में लगे सभी कार्मिकों को पीपीई किट और एन 95 मास्क उपलब्ध कराने के लिए अन्नपूर्णा सहायता केंद्र की ओर से विशेष अभियान चलाया जा रहा है। पहले चरण में 25 पीपीई किट जुटा कर स्वास्थ्य विभाग को सौंपे गए हैं। मैदानी क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग घर वापसी कर रहे हैं। इन लोगों को स्कूलों में बनाए क्वारंटीन केंद्रों में रखा जा रहा है। यात्रा मार्गों पर पुलिस, सफाई, शिक्षा, स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारी तैनात हैं। इनके पास संक्रमण से बचने को सुरक्षा के कोई उपकरण नहीं हैं। सीडीओ वंदना की पहल पर अन्नपूर्णा केंद्र की ओर से अभियान चलाया जा रहा है। केंद्र के नोडल अधिकारी जिला शिक्षाधिकारी माध्यमिक डॉ. एके गुसाईं ने बताया कि लक्ष्य पूरा करने के लिए विभिन्न संगठनों के पदाधिकारियों से बात हो गई है। मानस एकेडमी के निदेशक डॉ. अशोक कुमार पंत ने 25 पीपीई किट उपलब्ध कराए हैं। इन्हें सीएमओ उषा गुंज्याल, एसीएमओ राजेश ढकरियाल को उपलब्ध कराया गया है। पीपीई किट और मास्क जुटाने को रेडक्रॉस सोसायटी के अध्यक्ष ललित पंत, आरडब्लूडी के ईई ललित पांडेय, प्रधानाचार्य मोहन जोशी आदि सहयोग कर रहे हैं। -------- पिथौरागढ़ में होम क्वारंटीन 11037, संस्थागत 1033 । अभी तक 121 सैंपल जांच को भेजे। सभी की रिपोर्ट निगेटिव आई है।