पिथौरागढ़। चार मई से शुरू हो रही आदि कैलाश यात्रा की तैयारियों को लेकर डीएम ने अधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग को यात्रियों का धारचूला और गुंजी में अनिवार्य रूप से मेडिकल परीक्षण कराने, यात्रा के पड़ावों पर ऑक्सीजन सिलिंडर और अन्य जीवन रक्षक दवाओं का पर्याप्त स्टॉक रखने के निर्देश दिए।
जिला सभागार में बुधवार को हुई बैठक में डीएम रीना जोशी ने सीएमओ एचएस ह्यांकी को ज्योलिंकांग, गुंजी में एक-एक चिकित्सक और गुंजी में एक एंबुलेंस तैनात करने को भी कहा। केएमवीएन के अधिकारियों को स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों से समन्वय स्थापित कर यात्री दलों के साथ जाने वाले गाइडों को प्राथमिक स्वास्थ्य उपचार का प्रशिक्षण देने को कहा।
इसके अलावा सीएमओ आर्मी, एसएसबी, आईटीबीपी, बीआरओ को भी पर्याप्त मात्रा में ऑक्सीजन सिलिंडर और आवश्यक दवाओं का स्टॉक उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। डीएम ने कहा कि जीवन रक्षक संसाधनों के अभाव में किसी भी यात्री की मृत्यु नहीं होनी चाहिए। उन्होंने केएमवीएन के अधिकारियों को गुंजी आदि उच्च हिमालयी क्षेत्रों में यात्रियों के ठहरने के लिए हट आदि के उचित प्रबंध करने को कहा। साथ ही यात्रा शुरू होने से पहले आदि कैलाश यात्रा क्षेत्र में टीम भेजकर व्यवस्थाओं को देखने के निर्देश दिए।
अधिकारियों ने बताया कि यात्रा से पहले निरीक्षण के लिए टीमें भेजी गई हैं। डीएम ने कहा कि यात्रियों की सुरक्षा को देखते हुए सड़क निर्माण के कार्यों में सावधानियां बरतने के लिए बीआरओ के अधिकारियों को पत्र भेजकर निर्देश जारी किए जाएंगे। बैठक में सीडीओ वरुण चौधरी आदि मौजूद थे।
पहले दल में 18 यात्री शामिल होंगे
पिथौरागढ़। केएमवीएन पर्यटक आवास गृह पिथौरागढ़ के प्रबंधक दिनेश गुरुरानी ने डीएम को बताया कि आदि कैलाश यात्रा चार मई को काठगोदाम में शुरू होगी। पहला यात्री दल पांच मई को पिथौरागढ़ से यात्रा के लिए रवाना होगा जिसमें 18 यात्री शामिल होंगे। संवाद