टनकपुर (चंपावत)। इन्साफ द पावर वेलफेयर सोसायटी की ओर से टनकपुर-बनबसा में मिनी सिडकुल बनाने समेत पांच सूत्री मांगों को लेकर सातवें दिन भी आंदोलन जारी रहा। कार्यकर्ताओं ने अवकाश के दिन भी तहसील परिसर में धरना दिया। रविवार को सोसायटी अध्यक्ष तिलक राम के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने मांग उठाई। उन्होंने तत्काल मिनी सिडकुल खोलने और 200 यूनिट मुफ्त बिजली, आयुष्मान कार्ड धारकों को रेफर, अप्रूवल जैसे नियमों से निजात, पिथौरागढ़ चुंगी का नाम सुभाष चौक रखने, शारदा चुंगी-क्रेशर बैराज का निर्माण कराने पर जोर दिया। यहां सरदार बलविंदर सिंह, पुष्कर राम, मुकेश कुमार, नारायणी देवी, ममता देवी, हीरा देवी, रेशमा, शकीला बेगम, पूनम कश्यप, सलमा, अनीसा, रहिसन बेगम आदि रहे।