पिथौरागढ़। नाबालिग को बहला फुसलाकर दुष्कर्म करने के आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर उसे जेल भेज दिया है।
क्षेत्र निवासी एक व्यक्ति ने कोतवाली में तहरीर दी थी कि उनकी 16 वर्षीय बेटी 19 अगस्त को अपनी बुआ के घर से अस्पताल जाने की बात कहकर घर से निकली थी। वह शाम तक घर नहीं लौटी। तहरीर के आधार पर पुलिस ने धारा-365 में केस दर्ज किया। एसआई प्रियंका मौनी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर नाबालिग को ग्राम जगतड़ निवासी संदीप टम्टा (21) के घर से बरामद कर लिया। पूछताछ में नाबालिग ने बताया कि संदीप टम्टा से उसकी जान पहचान नौ माह पहले हुई थी। दो माह पहले संदीप ने नाकोट के जंगल में ले जाकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए थे।
इसके बाद उसने अलग-अलग समय में लगभग तीन-चार बार जंगल में संबंध बनाए। उसने स्वयं के गर्भवती होने की आशंका जताई थी जिस पर संदीप के शादी के लिए कहने पर वह घर से बिना बताए उसके घर चली आई थी। उसने बताया कि संदीप के दो घर हैं जिस घर में वह रह रहे थे वहां कोई नहीं रहता है। पुलिस ने नाबालिग के बयानों के आधार पर संदीप टम्टा के खिलाफ धारा 363/ 366/ 376 और 5/6 पॉक्सो अधिनियम में केस दर्ज किया है। नाबालिग को मेडिकल के बाद परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया है। पुलिस टीम में हेड कांस्टेबल दीपक पंत, छत्तर सिंह मौजूद रहे।