थल (पिथौरागढ़)। थल चेक पोस्ट के पास एक युवक अनियंत्रित होकर खाई में गिरकर घायल हो गया। लोगों ने किसी तरह से युवक को खाई से निकाला।
शुक्रवार को थला चेक पोस्ट के पास सड़क किनारे खड़े चौबाटी के बिचकोट निवासी कमल सिंह देऊपा (32) पुत्र जोहार सिंह देऊपा का संतुलन बिगड़ गया और वह रामगंगा नदी के किनारे दर्रे में जा गिरे। कुछ दूरी पर खड़े थल के युवक सुनील गोस्वामी ने उन्हें गिरते हुए देख लिया। सुनील ने इसकी सूचना स्थानीय लोगों और पुलिस को दी, जिसके बाद स्थानीय युवक भानु पाठक, बहादुर राम, थाना प्रभारी सोमेंद्र सिंह, कांस्टेबल फकीर राम, रमेश शर्मा, दीवानी राम की मदद से घायल युवक को बड़ी मुश्किल से निकाला गया। घायल को 108 से उपचार के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र गोचर भेजा गया। घायल युवक को डॉ. अभिजीत ने प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया।