मुनस्यारी (पिथौरागढ़)। अष्टादश संस्कृत महोत्सव के तहत दो दिवसीय खंड स्तरीय प्रतियोगिता जीआईसी मुनस्यारी में संपन्न हुई। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रधानाचार्य हरीश नाथ गोस्वामी ने की। प्रतियोगिता में कनिष्ठ और वरिष्ठ वर्ग में नाटक, समूहगान, समूह नृत्य, वाद-विवाद, आशुभाषण और श्लोकोच्चारण स्पर्धाएं हुईं। कनिष्ठ वर्ग में जीआईसी मुनस्यारी और पब्लिक जूनियर हाईस्कूल मुनस्यारी ने श्रेष्ठ प्रदर्शन किया जबकि वरिष्ठ वर्ग में जीआईसी मुनस्यारी, सैंणराथी और उच्छैती के छात्रों ने बाजी मारी। मंच संचालन मनोज कुमार जोशी ने किया। कार्यक्रम के सफल आयोजन पर खंड संयोजक दीपक चंद्र ने सभी का आभार जताया। यहां वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी नरेंद्र सिंह देवली, देवेंद्र सिंह, कैलाश कोरंगा, प्रीति ज्योति पंत, सुनील पांडे आदि थे।