गंगोलीहाट। राजकीय इंटर कालेज छड़ौली के शिक्षक अभिभावक संघ के अध्यक्ष उमेद सिंह भंडारी ने स्कूल को जाने वाले पैदल रास्ते में सुधार लाने की मांग की है। उन्होंने बताया है कि एकदम ढलान वाले इस रास्ते में आएदिन स्कूली बच्चे गिरकर घायल हो रहे हैं। बताया कि बीती 9 दिसंबर को कक्षा 12 की छात्रा ममता देउपा पुत्री राजेंद्र सिंह देउपा इसी रास्ते में खाई में गिर गई थी। गंभीर रूप से चोटिल ममता का सुशीला तिवारी अस्पताल हल्द्वानी में इलाज चल रहा है। उसके बाद दो और छात्राएं इस रास्ते में गिरकर चोटिल हुई हैं। उन्होंने कहा है कि यह मामला जिलाधिकारी के सामने रखा जा रहा है। रास्ते की मरम्मत नहीं हुई तो आंदोलन छेड़ा जाएगा।