देशी शराब के 96 पव्वे पकड़े
बनबसा (चंपावत)। पुलिस और एसओजी टीम ने संयुक्त चेकिंग में एक व्यक्ति को 96 पव्वे देशी शराब के साथ पकड़ा। थानाध्यक्ष लक्ष्मण सिंह जगवाण ने बताया कि सोमवार की रात को गश्त के दौरान टीम ने धर्मशाला के पीछे मीना बाजार निवासी रघुवीर कश्यप को 96 पव्वे देशी शराब के साथ दबोचा। आरोपी के खिलाफ संबंधित धारा में केस दर्ज किया गया है। संवाद
धारचूला में एक वारंटी गिरफ्तार
पिथौरागढ़। पुलिस ने अभियान चालकर एक वारंटी को गिरफ्तार किया। थाना धारचूला के एसआई प्रदीप कुमार ने न्यायालय से धारा-354(ए)/506 और 7/8 पॉक्सो अधिनियम में महेश परिहार निवासी रांथी तोक खोतिला को दबिश देकर गिरफ्तार किया। पुलिस आरोपी को न्यायालय में पेश करने की तैयारी कर रही है। संवाद
रेट्रो साइलेंसर लगी बाइक सीज
पिथौरागढ़। रेट्रो साइलेंसर लगाकर लोगों की नींद हराम करने वाले की बाइक को घाट पुलिस ने सीज कर दिया। घाट चौकी प्रभारी एसआई जावेद हसन ने रेट्रो साइलेंसर से पटाखों की आवाज निकालकर ध्वनि प्रदूषण फैलाने पर बाइक (यूपी 22 एयू 5452) को सीज किया। इसके अलावा जिले भर में यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 36 वाहन चालकों के खिलाफ एमवी एक्ट और मिशन मर्यादा का उल्लंघन करने वाले 13 लोगों के खिलाफ पुलिस अधिनियम और कोटपा अधिनियम में कार्रवाई की। संवाद
स्टेशन बाजार में हंगामा कर रहे चार युवकों का चालान
लोहाघाट (चंपावत)। नगर के स्टेशन बाजार में हंगामा काटने वाले चार युवाओं का पुलिस ने शांति भंग में चालान काटा। थाना के प्रभारी निरीक्षक अशोक कुमार ने बताया कि लोहाघाट के स्टेशन बाजार में चार युवक शराब पीकर हंगामा कर रहे थे। स्टेशन बाजार में तैनात महिला होमगार्ड ने युवकों को काफी देर तक समझाया लेकिन नहीं मानने पर सूचना पुलिस थाने में दी गई। निरीक्षक ने बताया कि युवक अमित सिंह, सोनू, सचिन सिंह और पवन सिंह निवासी सिरमौली का 81 पुलिस एक्ट में चालान किया गया। पुलिस ने चारों युवाओं की उनके परिजनों के साथ काउंसिलिंग की गई। पुलिस टीम में हेड कांस्टेबल, सुनील कुमार और संजय जोशी शामिल रहे। संवाद
7.38 ग्राम स्मैक के साथ एक गिरफ्तार
टनकपुर (चंपावत)। एसएसबी और पुलिस की संयुक्त टीम ने नेपाल सीमा पर 7.38 ग्राम स्मैक के साथ एक व्यक्ति को दबोचा। आरोपी को पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया है। एसएसबी के अनुसार भारत-नेपाल सीमा पर प्रतिबंधित मादक पदार्थों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। मंगलवार को एसएसबी के उपनिरीक्षक अरुण कुमार के साथ कोतवाली पुलिस की संयुक्त टीम ने सीमा स्थित जंगल के क्षेत्र में गश्त के दौरान एक संदिग्ध को नेपाल जाते देखा। घेराबंदी कर उसे पकड़ा तो उसके कब्जे से स्मैक बरामद हुई। इस दौरान टीम में कोतवाली पुलिस के एसआई नवल किशोर और पुलिस कर्मी शामिल रहे। संवाद