पिथौरागढ़। वसंतोत्सव को लेकर युवक कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जोरदार नारेबाजी कर आयोजकों और मुख्यमंत्री का पुतला दहन किया। युवक कांग्रेस के विधानसभा क्षेत्र अध्यक्ष ऋषेंद्र के नेतृत्व में एकत्र युवाओं ने वसंतोत्सव में धार्मिक मान्यताओं की अनदेखी का आरोप लगाया। कहा कि किसी भी देवस्थल के दर्शन के लिए एक सप्ताह पहले से सात्विक भोजन खाना पड़ता है। कई स्थानों में देव डोले नहीं उठते। इसके बावजूद देव डोलों को रामलीला मैदान में रखवा दिया गया। वसंतोत्सव में आए मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने देव डोलों का दर्शन करना तक उचित नहीं समझा, यह पिथौरागढ़ के लोगों की आस्था का अपमान है। यूथ कांग्रेस के महासचिव कमल भंडारी, नीरज जोशी ने कहा कि देव डोलों को बुलाकर यह लोग क्या दिखाना चाहते हैं। कमलेश कसन्याल ने कहा कि एक प्रमुख देवी का डोला तो आने के दिन ही लौट गया था। देवडोलों के अपमान के लिए मुख्यमंत्री को माफी मांगनी चाहिए। पुतला दहन में शुभम बिष्ट, आनंद धामी, पारस सिंह, अरुण कुमार, सागर कुमार, उज्ज्वला लोहिया, महेंद्र कुमार, प्रदीप महर, करन लाबट, संजय सिंग्वाल, पंकज जोशी, धीरज कुमार, जितेंद्र भंडारी आदि थे।