देवलथल के जगतड़ी में स्टैंड पोस्ट से जोड़ा गया पेयजल कनेक्शन। संवाद
पिथौरागढ़। देवलथल तहसील के ग्राम पंचायत बसोड़ की अनुसूचित जनजाति बस्ती जगतड़ी में जल जीवन मिशन का लाभ लोगों को नहीं मिल रहा है। योजना के तहत नल तो लगा दिए लेकिन इनमें पानी न आने से 35 परिवार पानी के लिए तरस रहे हैं।
जगतड़ी में प्रधानमंत्री जल जीवन मिशन हर घर नल, हर घर जल योजना के तहत घरों में नल तो लगा दिया लेकिन उनमें पानी नहीं आ रहा है। पहले गांव के लोग गांव में बने सार्वजनिक स्टैंड पोस्ट से पानी भरते थे लेकिन अब पानी घर-घर बांटने से किसी को भी पर्याप्त पानी नहीं मिल पा रहा है। गांव के 35 परिवार पेयजल किल्लत से परेशान हैं। पूर्व जिला पंचायत सदस्य जगदीश कुमार ने कहा कि प्रधानमंत्री जल जीवन मिशन योजना पूरी तरह से फेल है। यदि भाजपा सरकार सचमुच जनता की बात करती है तो घर-घर में खाली नल न लगाएं, उनमें जल भी दे। उन्होंने आरोप लगाया कि कार्यदायी संस्थाओं ने पानी के नए स्रोत ढूंढे बिना पुराने स्रोतों से ही नई योजना बना दी है। अब गांव कि यह स्थिति बन गई है पहले जो पानी मिलता था अब नई लाइन बनने के बाद वह भी बंद हो गया। उन्होंने जल्द समस्या का समाधान न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी है।