पिथौरागढ़ जिले के बंगापानी के धामी गांव में बिजली गिरने से एक पशुपालक की 25 बकरियों की मौत हो गई। इस घटना से पशुपालक को भारी नुकसान हुआ है।
जानकारी के अनुसार, बीते सोमवार को धामी गांव निवासी खड़क सिंह धामी की बकरियां जंगल में चर रही थीं। दोपहर के समय अचानक मौसम खराब हो गया। इसी दौरान बिजली गिरने से सभी 25 बकरियों की मौके पर ही मौत हो गई। ब्लॉक प्रमुख कविता महर ने बताया कि खड़क सिंह की आजीविका का मुख्य जरिया पशुपालन है। बकरियों की मौत से उसे भारी नुकसान हुआ है। अब उसके लिए आजीविका चलाना भी मुश्किल हो गया है। उन्होंने डीएम से फोन पर वार्ता कर शीघ्र पशुपालन टीम भेजने की मांग की। डीएम ने प्रभावित पशुपालक को हरसंभव मदद का आश्वासन दिया है।