विनोद भट्ट, दुग्ध संघ अध्यक्ष।
- फोटो : AMAR UJALA
अमर उजाला ब्यूरो, पिथौरागढ़। मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना के तहत रोजगार एवं स्वरोजगार योजना के तहत नगरीय क्षेत्र में 20 आंचल मिल्क बूथ खोले जाएंगे। मिल्क बूथ की स्थापना के लिए प्रति बूथ दो लाख का ऋण 20 प्रतिशत अनुदान पर उपलब्ध कराया जाएगा। यह जानकारी दुग्ध संघ अध्यक्ष विनोद भट्ट ने दी। दुग्ध संघ अध्यक्ष ने बताया कि मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना के तहत स्वरोजगार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से राज्य समेकित सहकारी विकास परियोजना के तहत गांवों में गंगा गाय महिला डेरी और नगर में आंचल बूथ स्थापित किए जाने हैं।
गंगा गाय महिला डेयरी योजना के तहत तीन से पांच गायें खरीदने के लिए 25 प्रतिशत अनुदान उपलब्ध कराया जाएगा। बताया कि जिले में तीन पशुओं की 160 यूनिट और पांच पशुओं की 28 यूनिट स्थापित की जानी हैं। नगरीय क्षेत्र में इस योजना के तहत बीस आंचल बूथ स्थापित किए जाने हैं। योजना का लाभ दुग्ध सहकारी समिति के सदस्यों को प्रदान किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि एक जून से 15 जुलाई तक आवेदन पत्र दुग्ध संघ कार्यालय से उपलब्ध कराए जाएंगे। उन्होंने कहा कि स्वरोजगार शुरू करने की इच्छा रखने वालों के लिए यह अच्छा अवसर है।