पिथौरागढ़। सीमांत जिले के विभिन्न हिस्सों में 18 ग्रामीण और चीन सीमा को जाने वाली एक सड़क बंद है। इससे लोगों की दिक्कतें बढ़ गई हैं। लोगों ने बंद सड़कों को शीघ्र खोलने की मांग की है। सड़कों के बंद होने से ग्रामीण क्षेत्रों में जरूरी सामान की किल्लत बढ़ने लगी है।
डीडीहाट और बेड़ीनाग में सर्वाधिक 22.5 एमएम बारिश हुई। धारचूला में 18.00, मुनस्यारी में 17.00, पिथौरागढ़ में 14.00 और गंगोलीहाट में 4.0 एमएम बारिश हुई। बारिश के बाद काली नदी खतरे के निशान से एक मीटर नीचे बह रही है। इसका जलस्तर 889.00 मीटर है जबकि खतरे का निशान 890.00 मीटर है।
जौलजीबी में गोरी नदी 604.45 मीटर पर बह रही है। इसका खतरे का निशान 607.80 मीटर है। मदकोट में गोरी नदी 1212.00 मीटर पर बह रही है। इसका खतरे का निशान 1215.00 है। लगातार बढ़ रहे नदियों के जल स्तर के कारण लोग सहमे हुए हैं। जिला प्रशासन ने लोगों से नदियों के किनारे नहीं जाने की अपील की है।
ये सड़कें बंद हैं
नाचनी-भैंसकोट, नाचनी-बांसबगड़, मसूरी-कांडा-होकरा, गिन्नी बैंड समकोट, आदिचौरा-सिन्नी, बांसबगड़-कोटा-पंद्रहपाला, सोबला-ऊमचियां, छिरकिला-जम्कू, मदकोट-दारमा, मदकोट-तोमिक, देवीसूना-खेतार कन्याल, सानदेच-तुर्गोली, डीडीहाट-पमस्यारी, आदिचौरा-हनेरा, डीडीहाट आदिचौरा, चंडाक-चमाली, तवाघाट-घट्टाबगड़, जौलजीबी-बंगापानी।
एक सप्ताह से बंद है झूलाघाट-बलतड़ी सड़क
झूलाघाट (पिथौरागढ़)। बारिश से हुए भूस्खलन के कारण झूलाघाट-बलतड़ी सड़क एक सप्ताह से बंद है। इससे 2500 की आबादी को दिक्कत हो रही है। बलतड़ी से झूलाघाट स्कूल जाने वाले बच्चों को सर्वाधिक परेशानी हो रही है। बलतड़ी प्रधान पूजा भट्ट, सुरेश भट्ट, प्रकाश भट्ट, योगेश धारियाल, कल्यान चंद, भूपेंद्र चंद, कविता चंद ने सड़क जल्द खोलने की मांग की है। जेई शुभम राजा का कहना है कि सड़क पर आए मलबे को हटाने के लिए निर्देश दे दिए हैं। मलबा जल्द हटा दिया जाएगा। संवाद
धौन-दियूरी-बजौन सड़क हुई बंद
चंपावत। जिले के विभिन्न हिस्सों में मानसूनी बारिश जारी है। शनिवार को मलबा आने के कारण धौन-दियूरी-बजौन सड़क बंद हो गई। बीते 24 घंटों में चंपावत में चार और लोहाघाट में दो एमएम बारिश रिकॉर्ड की गई। जिला आपदा नियंत्रण कक्ष से मिली जानकारी के अनुसार शनिवार सुबह तक ग्रामीण क्षेत्र के पांच मोटर मार्ग मलबा आने से बंद हो गए थे। कार्यदायी संस्थाओं की ओर से दोपहर तक चार मोटर मार्गों पर यातायात सुचारु कर दिया गया। संवाद