पिथौरागढ़ में टायरों के अभाव में खड़ी रोडवेज की बसें
- फोटो : अमर उजाला
पिथौरागढ़। दीपावली पर्व पर रोडवेज बसों के साथ ही केमू और निजी टैक्सियों में सवारियों की काफी भीड़ उमड़ रही है। दिल्ली से आने वाले यात्रियों को परेशानी को देखते हुए रोडवेज ने दो अतिरिक्त बसें लगाई हैं। दिवाली मनाने के लिए इन दिनों मैदानी क्षेत्र से घर आने वाले लोगों का तांता लगा है। यहां से मैदानी क्षेत्र दिल्ली, देहरादून, हल्द्वानी जाने वाले यात्रियों की भी काफी भीड़ है। दिल्ली मार्ग पर सवारियों की सर्वाधिक भीड़ रहती है। इसे देखते हुए रोडवेज ने दो अतिरिक्त बसों का संचालन किया है। दिल्ली के लिए सामान्य दिनों में नौ और एक गुरुग्राम के लिए बस चलती है। रोडवेज के एआरएम आरके आर्या ने बताया कि दिल्ली मार्ग पर ही दबाव अधिक है। इसके चलते उसी मार्ग पर दो बसें बढ़ाई गई हैं। अन्य मार्गों पर स्थिति सामान्य है। हल्द्वानी, अल्मोड़ा, रानीखेत जाने वाली केमू की बसें भी भर कर जा रही हैं। टनकपुर, चंपावत के साथ ही आंतरिक मार्गों डीडीहाट, धारचूला, मुनस्यारी, मदकोट, बरम, थल, बेड़ीनाग, भागीचौरा, अस्कोट, गंगोलीहाट को चलने वाली टैक्सियां भी ठसाठस जा रही हैं। भैयादूज के अगले दो-तीन दिन तक वाहनों में सवारियों की रेलमपेल रहने का अनुमान है।