मुनस्यारी (पिथौरागढ़)। जौलजीबी-मुनस्यारी सड़क के चौड़ीकरण के दौरान क्षतिग्रस्त जमीन और मकानों का मुआवजा देने की मांग को लेकर सरमोली, सुरिंग, जैंती, दरकोट, नानीसैम गांव के लोगों ने सोमवार को तहसील कार्यालय के सामने धरना दिया। कहा कि यदि एक सप्ताह के भीतर जमीन का मुआवजा नहीं दिया गया तो जौलजीबी-मुनस्यारी मार्ग पर चक्काजाम किया जाएगा। ग्रामीणों का आरोप है कि सीमा सड़क संगठन 2013 से इस सड़क के चौड़ीकरण का काम कर रहा है। अभी तक जमीन का मुआवजा नहीं दिया गया है। उनका कहना है कि मलबे से क्षतिग्रस्त हुई जमीन की सर्वे करते समय भी मनमानी की गई। कई परिवारों की जमीन को सर्वे में छोड़ दिया गया। जिन मकानों को नुकसान पहुंचा है उनको भी इस सूची में शामिल नहीं किया गया है। उन्होंने कि लोगों ने 2015 में भी मुआवजे की मांग को लेकर आंदोलन किया था। तब आश्वासन मिला था कि जल्दी ही मुआवजे की राशि दी जाएगी लेकिन अब तक किसी को भी मुआवजा नहीं मिला है। लोगों ने तहसीलदार के माध्यम से जिलाधिकारी को ज्ञापन भेजकर मुआवजे का शीघ्र भुगतान करने की मांग की है। धरने पर पुष्कर नित्वाल, नरेंद्र सिंह, इंद्र सिंह, करन सिंह, देवकी देवी, शांति देवी, गंगोत्री देवी, मोहनी देवी, जगत सिंह, प्रेमा देवी, धीरेंद्र सिंह आदि मौजूद थे।
सप्ताह भर में भुगतान न होने पर जौलजीबी मुनस्यारी मार्ग जाम करने की चेतावनी दी