पिथौरागढ़। गैस आपूर्ति के पर्याप्त दावों के बीच जनपद में रसोई गैस के लिए लोग लाइन में लगने को विवश हैं। शहर और ग्रामीण क्षेत्रों निर्धारित स्थलों पर लोग तड़के ही सिलिंडर लेकर लाइन में लग रहे हैं, ताकि गैस वाहन में आने वाले सिलिंडर खत्म होने से पहले उनका नंबर आ जाए। इन हालातों के बीच गैस नहीं मिलने पर कई जगह लोग वितरण स्थलों पर रोष जाहिर कर रहे हैं। रविवार को भी नगर में लाशघर रोड पर करीब 128 उपभोक्ता लाइन में थे। गैस वाहन केवल 70 सिलिंडर लेकर पहुंचा। इस कारण लाइन में लगे करीब 58 लोग सिलिंडर न मिलने से उद्वेलित हो गए और रोष जताने लगे। अनेक उपभोक्ताओं का कहना था कि सुबह से लाइन में लगने और जगह-जगह चक्कर लगाने के बावजूद उनको सिलिंडर नहीं मिल पा रहा है। मौके पर मौजूद रहे सेक्टर मजिस्ट्रेट डॉ निर्मल बसेड़ा ने बताया कि अनेक लोगों की डीएसी नंबर की समस्या थी। मौके से ही फोन के जरिये कुछ उपभोक्ताओं का डीएसी नंबर स्पष्ट कर वितरण किया गया। परेशान उपभोक्ताओं को इस तरह की समस्या पर उचित जानकारी दी गई। इस दौरान गैस वितरण शांतिपूर्वक चलता रहा। वहीं अपटेक तिराह और टकाना वितरण स्थल पर भी अपरान्ह डेढ़ बजे तक उपभोक्ता सिलिंडर उपलब्ध करने के लिए परेशान दिखे। संवाद