पिथौरागढ़। ईंधन के अभाव में 108 एंबुलेंस और खुशियों की सवारियों का संचालन शुक्रवार को भी नहीं हुआ।
धारचूला और कनालीछीना विकासखंडों को छोड़कर अन्य स्थलों के 16 वाहन खड़े रहे। इस कारण बीमार और गर्भवती महिलाओं को निजी वाहनों से अस्पताल जाना पड़ा।
पिथौरागढ़ जिले में नौ 108 और नौ खुशियों की सवारी हैं। इस समय धारचूला और कनालीछीना में ही सेवा चल रही है।
ईंधन नहीं मिलने से अन्य स्थानों पर वाहन खड़े हैं। पहाड़ के लिए वरदान बनी इस सेवा के लड़खड़ाने से लोग काफी परेशान हैं। 108 के जिला कोऑर्डिनेटर प्रमोद भट्ट ने बताया कि शनिवार तक बजट मिलने की उम्मीद है। इसके बाद स्थिति में सुधार होगा।