जयहरीखाल। भक्त दर्शन राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय जयहरीखाल में छात्रसंघ समारोह व वार्षिकोत्सव पर मेधावी प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया। वहीं, सांस्कृतिक प्रतिभाओं ने रंगारंग प्रस्तुतियों से आकर्षण की छठा बिखेरी। सोमवार को आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि लैंसडौन विधायक महंत दिलीप रावत व विशिष्ट अतिथि ब्लॉक प्रमुख जयहरीखाल रणवीर सिंह सजवाण ने कार्यक्रम का उद्घाटन किया। महंत दिलीप रावत ने कहा कि युवाओं को चाहिए कि वे अपनी असीम ऊर्जा का सकारात्मक दिशा में उपयोग करें। यही समय है जब वे अपने पुरुषार्थ, जुनून और समर्पण के बल पर अपने भविष्य का निर्माण कर सकते हैं। इस अवसर पर महाविद्यालय प्रशासन ने विवि स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर गोल्ड मेडल प्राप्त करने वाले छात्र विकास, शिवांगी व शालिनी को सम्मानित किया गया। वहीं मुख्यमंत्री प्रोत्साहन योजना के अंतर्गत छात्रवृत्ति पाने वाले 37 छात्र-छात्राओं को भी सम्मानित किया गया। नेट परीक्षा उत्तीर्ण करने वाली सिमरन बानो अर्थशास्त्र व तनीषा रावत हिंदी व अभिनिता वनस्पति विज्ञान को भी सम्मानित किया गया। इस मौके पर प्राचार्य प्रो. एलआर राजवंशी, डॉ. उमेश ध्यानी, छात्रसंघ अध्यक्ष सिमरन आदि मौजूद रहे।