युवाओं को चुनौतियों के लिए तैयार रहना होगा : सुंदर लाल मुयाल
थलीसैंण। राठ महाविद्यालय पैठाणी में समावेशी भारत 2047 खेल, शिक्षा एवं स्वास्थ्य से उन्नयन, विषय पर राष्ट्रीय संगोष्ठी का आयोजन किया गया। सेमिनार में 200 छात्रों ने हिस्सा लिया। महाविद्यालय में आयोजित संगोष्ठी में मुख्य अतिथि सेवानिवृत्त आईएएस सुंदर लाल मुयाल ने कहा कि आने वाला समय बहुत चुनौतीपूर्ण है युवाओं को इसके लिए अभी से तैयार होना है। कहा कि तकनीक के युग में सभी के पास सभी सूचनाओं का भंडार है। उन्होंने कहा कि संगोष्ठी के माध्यम से छात्रों को बेहतर जीवनचर्या की जानकारी मिलेगी। विशिष्ट अतिथि गढ़वाल केंद्रीय विश्वविद्यालय के बीजीआर परिसर के निदेशक प्रो. यूसी गैरोला ने कहा सबसे अधिक स्वास्थ्य पर ध्यान देने की आवश्यकता है। स्वस्थ शरीर में ही स्वस्थ मस्तिष्क रहता है। कांग्रेस जिलाध्यक्ष विनोद नेगी ने कहा कि बेहतर समाज के निर्माण के लिए हमें बहुत प्रयास करने की आवश्यकता है। प्राचार्य डाॅ. जितेंद्र कुमार नेगी ने कहा कि आज के समय में मानसिक स्वास्थ्य का सही रहना बहुत जरूरी है। कहा कि वर्तमान में वनाग्नि से वायु प्रदूषण के बढ़ने से स्वास्थ संबंधी गंभीर समस्या उत्पन्न हो रही है। इस मौके पर मंगल सिंह, डाॅ. ललित तिवारी, डाॅ. राकेश नेगी, डाॅ. नरेंद्र सिंह, डाॅ. गोपेश सिंह, राम सिंह नेगी, राज कुमार पॉल, डाॅ. मंजीत भंडारी, डाॅ. देव कृष्ण आदि शामिल रहे।