तहसील के नगर गांव में बकरी चराने गए लोग हाई वोल्टेज करंट की चपेट में आने से बाल-बाल बच गए, लेकिन करंट लगने से एक बकरे की मौत हो गई।
भागीरथी तट स्थित नगर गांव में शुक्रवार शाम बड़ा हादसा होने से टल गया। यहां सुषमा देवी, भगवान लाल व शालिनी बकरी चराने और चारापत्ती काटने जंगल में गई थी। अचानक उनके साथ चल रहा बकरा घास चरते हुए हाई वोल्टेज पोल के निकट चला गया। पोल के समीप पहुंचते ही वह करंट से झुलस गया। गनीमत रही कि वहां मौजूद अन्य ग्रामीणों ने महिला व बालिका को पोल से बकरे को छुड़ाने से रोक दिया। ग्रामीणों ने मौके से भागकर अपनी जान बचाई। प्रधान सविता देवी ने तत्काल ऊर्जा निगम को विद्युत आपूर्ति बंद करने को कहा। प्रधान के अनुसार हाई वोल्टेज पोल के निकट से कोटेश्वर महादेव मंदिर व क्विली पालकोट क्षेत्र को जोड़ने वाले पुल का रास्ता जाता है। ऐसे में ऊर्जा निगम की लापरवाही से यहां भविष्य में बड़ा हादसा हो सकता है। संवाद