देवप्रयाग। अलकनंदा-भागीरथी संगम स्थल देवप्रयाग में तीन दिवसीय वसंत पंचमी मेले की शुरुआत हो गई है। इस मेले में टिहरी व पौड़ी जिले से बड़ी संख्या में लोग पहुंचे हैं। इस बार पंचमी तिथि रविवार को होने से तड़के कड़ाके की ठंड में बड़ी संख्या में श्रद्धालु संगम पर पहुचें। पौड़ी जिले के सलाण क्षेत्र से आए श्रद्धालुओं ने गंगा स्नान कर भगवान रघुनाथ के दर्शन कर पूजा-अर्चना की। मेले में पहुंचे लोगों ने जमकर खरीददारी की। तीर्थ नगरी में डौर व थाली की थाप पर श्रद्धालुओं ने अपने ईष्ट देवों का आह्वान भी किया। मेले मे विभन्न प्रदेशों से आए दुकानदारों को व्यावसाय का मौका भी मिला। परंपरागत तौर पर वसंत पंचमी पर छोटी बालिकाओं के नाक कान छिदवाए गए। नगर पालिका व पुलिस प्रशासन ने मेला व संगम स्थल पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हुए हैं। वसंत पंचमी के इस मौके पर राष्ट्रीय स्वयंसेवकों की ओर से संगम पर स्नान करने पहुंचे श्रद्धालुओं के लिए चाय की व्यवस्था की गई।