पौड़ी। लंबे समय से नियमितीकरण की बाट जोह रहे ऊर्जा निगम के उपनल कर्मचारी अब आंदोलन को तैयार हो रहे हैं। यूपीसीएल, यूजेवीएनएल व पिटकुल तीनों निगमों में तैनात उपनल कार्मिकों को नियमित करने व नियमितीकरण की कार्रवाई पूर्ण होने तक उन्हें समान कार्य के लिए समान वेतन देने समेत 13 सूत्री मांगों को लेकर आरपार की लड़ाई का निणर्य लिया है। इस मौके पर उन्होंने सरकार पर उपनल कार्मिकों की उपेक्षा का आरोप लगाया।प्रदेश कार्यकारिणी के आह्वान पर मुख्यालय में हुई बैठक में उपनल कार्मिकों की विभिन्न समस्याओं पर चर्चा हुई। कहा कि तीनों निगमों में कार्य करते हुए अधिकांश उपनल कार्मिक आयु अधिवर्षिता की कगार पर पहुंच गए हैं। ऐसे में उनके भविष्य पर प्रश्न चिह्न भी खड़ा हो गया है। प्रदेश महामंत्री मनोज पंत ने आगामी आंदोलन की रणनीतियों पर चर्चा की। कहा कि औद्योगिक न्यायाधिकरण हल्द्वानी ने 2017 में तीनों निगमों में उपनल के माध्यम से कार्यरत सभी कार्मिकों को नियमित करने के आदेश जारी किए थे। जिसमें न्यायाधिकरण ने यह भी कहा था कि 10 सालों की निरंतर सेवा पूर्ण कर चुके संविदा कर्मचारियों को विनियमितीकरण नियमावली 2011 के तहत नियमित किया जाए। बावजूद इसके करीब सात साल बीत जाने के बाद भी उन्हें नियमित नहीं किया जा रहा। ऐसे में कर्मचारियों में आक्रोश है। उन्होंने अब आरपार की लड़ाई का मन बनाया है। चेतावनी दी जल्द ही उनकी मांगें पूरी नहीं हुई तो 30 सितंबर को यूजेवीएनएल मुख्यालय व एक अक्टूबर को ऊर्जा भवन उत्तराखंड पॉवर कार्पोरेशन लि. देहरादून में धरना देकर प्रदर्शन किया जाएगा। इस मौके पर रामस्वरूप, सुमन थपलियाल, मुकेश सिंह, हरेंद्र, सुमित डोभाल, रवेंद्र सिंह, गणेश कुमार, प्रीत सिंह, दीनदयाल बुटोला आदि शामिल रहे।