देवप्रयाग। ऋषिकेश-बदरीनाथ हाईवे पर तीनधारा बैंड के समीप एक अनियंत्रित बड़ा माल वाहक वाहन पुलिस चौकी के गेट पर पलट गया। हादसा उस समय हुआ जब नवलगढ़ (राजस्थान) से गौचर की ओर जा रहा मालवाहक वाहन मोड़ पर अनियंत्रित हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार वाहन की रफ्तार अधिक होने के कारण चालक तीव्र मोड़ पर संतुलन खो बैठा और ट्रक सीधे चौकी के मुख्य द्वार पर पटल गया। हादसे में पुलिस चौकी की सुरक्षा दीवार ढह गई और वहां खड़े अन्य वाहन भी मलबे की चपेट में आने से क्षतिग्रस्त हो गए। चौकी परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरे भी टूट गए। बछेलिखाल चौकी प्रभारी महेंद्र सिंह राणा ने बताया कि दुर्घटना में चालक साहिल जाखड़ निवासी गंगन खेड़ी (हरियाणा) को मामूली चोटें आई हैं। सूचना मिलते ही आपातकालीन सेवा 108 के माध्यम से घायल को बागी अस्पताल भेजा गया। संवाद