फोटो
शहीद स्थल पर पहुंचकर बलिदानियों को दी भावभीनी श्रद्धांजलि
गोपेश्वर। उत्तराखंड क्रांति दल ने शनिवार को 48वां स्थापना दिवस मनाते हुए राज्य आंदोलन में बलिदान हुए आंदोलनकारियों को भावभीन श्रद्धांजलि अर्पित की। सभी ने राज्य के लिए जान गंवाने वाले आंदोलनकारियों के सपनों का उत्तराखंड बनाने का संकल्प लिया। शनिवार को उक्रांद के कार्यकर्ता गोपेश्वर कलेक्ट्रेट के समीप स्थित शहीद स्थल पहुंचे। उन्होंने राज्य आंदोलन के अमर बलिदानियों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उन्हें याद किया। इसके बाद गोपीनाथ मंदिर के पास यूकेडी के जिला कार्यालय का उद्घाटन किया गया। इस दौरान केंद्रीय महामंत्री बृजमोहन सजवाण ने कहा कि आज राज्य आंदोलन के मूल उद्देश्यों रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य, पलायन, प्राकृतिक संसाधनों पर स्थानीय लोगों के अधिकार को केंद्र में लाने की जरूरत है। कहा कि उक्रांद स्थापना के बाद से ही जनहित के मुद्दों पर संघर्ष करता आया है और आगे भी करता रहेगा। इस दौरान जिलाध्यक्ष युद्धवीर सिंह नेगी, राज्य आंदोलनकारी एसपी पुरोहित, कमल किशोर डिमरी, महिपाल फरस्वाण, पंकज पुरोहित, सत्य प्रसाद पांडेय, सुबोध बिष्ट, सौरभ नौटियाल, किरन डिमरी, सौरभ बिष्ट, श्वेता झिंक्वाण आदि मौजूद रहे।