नागदेव रेंज के अंतर्गत सांपला गांव के समीप गुलदार के हमले में दो बाइक सवार घायल हो गए। गुलदार के हमला करने के बाद घायल मदद के लिए चिल्लाने लगे तो शोर सुनकर गुलदार भाग गया। दोनों का सामुदायिक अस्पताल कीर्तिनगर में उपचार किया गया। वहीं इस घटना के बाद से क्षेत्रवासी भयभीत हैं।
घटना रविवार शाम लगभग साढ़े बजे की है। न्यू डांग निवासी अरविंद रावत और उफल्डा निवासी अजय रावत श्रीनगर-देलचौरी-पौड़ी मार्ग स्थित जसकोट गांव से टूटी केबल ठीक कर घर लौट रहे थे। मार्ग पर सापंला बैंड के समीप अचानक एक गुलदार ने बाइक के पीछे बैठे अजय पर हमला कर दिया। अजय बाइक से नीचे गिर गया तो गुलदार उसके पैर पर पंजे से वार करते हुए खींचने की कोशिश करना लगा। गुलदार के डर से अजय चिल्ला नहीं पाया। तभी बाइक चलाने वाले अरविंद को बाइक अनियंत्रित होने का अहसास हुआ तो उसने पीछे मुड़कर देखा तो वहां गुलदार था। घबराहट में अरविंद ने बाइक नीचे गिरा दी तो तभी गुलदार ने उस पर भी हमला कर दिया। गुलदार के हमले के बाद दोनों मदद के लिए चिल्लाने लगे तो हल्ला होने पर गुलदार भाग निकला।
स्थानीय निवासी प्रमोद बमराड़ा ने कहा कि गुलदार ने जिस तरह से चलती बाइक पर हमला किया। उससे गुलदार के लोगों पर हमला करने की आशंका बढ़ गई है। उन्होंने गुलदार को पकड़ने के लिए पिंजरा लगाने की मांग की। इधर, रेंज अधिकारी ललित मोहन नेगी ने बताया कि अभी इस संबंध में कोई सूचना नहीं मिली है। अलबत्ता गांव में टीम भेजी जाएगी।
खुद ही पहुंचे अस्पताल
श्रीनगर। दोनों युवक जख्मी अवस्था में खुद ही बाइक से कीर्तिनगर एक प्राइवेट अस्पताल गए। जहां उन्हें उप जिला अस्पताल श्रीनगर जाने की सलाह दी गई। वह श्रीनगर अस्पताल में गए तो मौजूद स्टाफ ने घाव को साबुन से धोने की सलाह देते हुए वापस भेज दिया। इसके बाद दोनों युवकों ने सामुदायिक अस्पताल कीर्तिनगर में उपचार करवाया।