पौड़ी। नियमों को ताक पर रखकर पैरामेडिकल छात्रों को ढो रही एक एंबुलेंस को परिवहन विभाग ने सीज कर दिया है। एंबुलेंस क्यार्क गांव स्थित गढ़वाल इंस्टिट्यूट ऑफ पैरामेडिकल साइंसेस (जीपीआईएस) संस्थान की बताई जा रही है। पौड़ी ब्लॉक की बीडीसी बैठक में जनप्रतिनिधियों ने एंबुलेंस में छात्रों को ढोए जाने की शिकायत की थी। पौड़ी-सत्यखाल मोटर मार्ग पर बृहस्पतिवार को परिवहन विभाग के टीटीओ विजय कुमार ने जीपीआईएस संस्थान की एम्बुलेंस को सीज कर दिया। टीटीओ ने मौके पर जाकर जांच की तो एंबुलेंस में वाहन चालक समेत 13 लोग बैठे हुए थे। बताया कि एंबुलेंस में सवारियां तो ढो रही थी, साथ ही हॉर्न के नाम पर हूटर भी बजाया जा रहा था। एंबुलेंस में बैठे सभी पैरामैडिकल के छात्र थे।