पौड़ी/पाबौ। कोतवाली पौड़ी के पाबौ चौकी क्षेत्र अंतर्गत एक साइबर ठग ने युवती से उसके पिता का परिचित बनकर 99,500 की ठगी कर ली थी। पुलिस ने मामले में 88 हजार की धनराशि खाते में वापस करवा दी। एसएसपी सर्वेश पंवार ने बताया कि पाबौ निवासी युवती प्रियंका को बीते 17 मई को मोबाइल पर एक फोन आया। फोन करने वाले ने स्वयं को युवती के पिता का परिचित बताया। कहा कि वह अस्पताल में भर्ती है और उसे पैसों की सख्त जरूरत है। इस पर युवती ने यूपीआई के माध्यम से उसे 99,500 की धनराशि ट्रांसफर कर दी। घर पर पूछताछ करने पर परिजनों ने मामले की अनभिज्ञता जताई। इस पर युवती को ठगी का अहसास हुआ। उसने पौड़ी कोतवाली में साइबर ठगी की शिकायत दर्ज कराई। एसएसपी ने साइबर सेल यूनिट को मामले में कार्रवाई के निर्देश दिए। जांच में पता चला कि धनराशि को तीन लेयर में ट्रांसफर किया गया था। पुलिस ने मामले में कार्रवाई कर युवती की 88 हजार की धनराशि लौटाने में सफलता की। संवाद