हरिद्वार में साेमवार को आयोजित राज्य स्तरीय बैंड प्रतियोगिता में द मार्शल पब्लिक स्कूल श्रीनगर ने बाजी मारी है। अब चंडीगढ़ में आयोजित होने वाली बैंड प्रतियोगिता में स्कूल के प्रतिभागी उत्तराखंड का प्रतिनिधित्व करेंगे। स्कूल प्रबंधक जलेश सबरवाल ने बताया कि सोमवार को द मार्शल पब्लिक स्कूल ने पौड़ी जिले का प्रतिनिधित्व हरिद्वार में आयोजित बैंड प्रतियोगिता में किया। जिसमें विद्यालय के प्रतिभागियों ने विजय हासिल की। उन्होंने बताया कि अब चंडीगढ़ में होने वाली बैंड प्रतियोगिता में विद्यालय की टीम उत्तराखंड का प्रतिनिधित्व करेगी। कहा, प्रतियोगिता का ग्रैंड फिनाले गणतंत्र दिवस पर नई दिल्ली में होगा। उन्होंने टीम में शामिल सभी प्रतिभागियों को प्रतियोगिता में जीत हासिल करने पर बधाई व आगे के लिए शुभकामनाएं दीं। विद्यालय की प्रधानाचार्य प्रिया सबरवाल ने कहा कि यह सब बच्चों की मेहनत व शिक्षकों के समर्पण भाव से संभव हो पाया है। उन्होंने इसे विद्यालय के लिए बड़ी उपलब्धि बताया। कहा टीम में 36 प्रतिभागी छात्र शामिल हैं, जिनका मार्गदर्शन विद्यालय प्रबंधक जलेश सबरवाल,खेल शिक्षिका दीप्ति रावत और समन्वयक शुभम प्रभाकर कर रहे हैं। संवाद