व्यापारियों ने आरवीएनएल से की क्षतिपूर्ति की मांग
संवाद न्यूज एजेंसी,
श्रीनगर। विकास खंड कीर्तिनगर के लक्षमोली गांव के पास ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना की सुरंग और काफी बड़ी डंपिंग जोन स्थानीय व्यापारियों के लिए मुसीबत का सबब बनी हुई है। जहां पर बड़ी मात्रा में सुरंगों की खुदाई का मलबा डंप किया गया है। ऋषिकेश-बदरीनाथ राष्ट्रीय राजामार्ग से लगे इस डंपिंग जोन और सुरंग के समीप कई लोगों के व्यवसायिक प्रतिष्ठान हैं। जिन्हें करीब पांच सालों से भारी परेशानी झेलनी पड़ रही है। स्थानीय व्यवसायी जगदंबा कुमांई ने बताया कि डंपिंग जोन के पास राष्ट्रीय राजमार्ग पर उनका रेस्टोरेंट है। आए दिन भारी वाहनों के चलने से डंपिंग जोन व परियोजना क्षेत्र को जाने वाली सड़क से धूल के गुबार उड़ते हैं। जिस कारण उन्हें काफी दिक्कत परेशानियां झेलनी पड़ रही है। सड़क पर उठती धूल के कारण रेस्टोरेंट में ग्राहक भी नहीं रुकते। व्यवसाय चौपट होने से कईं व्यापारियों की स्थित ऐसी हो गई है कि वे अपनी दुकान का विद्युत बिल भी नहीं चुका पा रहे हैं। बताया कि सबसे बड़ी मुसीबत उन व्यापारियों के सामने आ खड़ी हुई है, जिन्होंने दुकानें किराये पर ले रखी हैं। इन व्यापारियों पर किराए और बिजली के बिल की दोहरी मार पड़ रही है। कहा कि करीब पांच सालों से वह भारी आर्थिक तंगी से जूझ रहे हैं। सभी व्यापारियों ने मिलकर रेल विकास निगम से प्रभावित व्यवसायियों को क्षतिपूर्ति दिए जाने का अनुरोध किया है।