पौड़ी। पीपीपी मोड से हटने के बाद जिला अस्पताल पौड़ी की पहली प्रबंध समिति की बैठक का आयोजन किया गया। इस दौरान दवाई, पेट्रोल सहित अन्य खरीदारी के लिए अस्पताल प्रशासन को 10.50 लाख के बजट को स्वीकृति मिली। अस्पताल में ओपीडी पंजीकरण, आयुष्मान सहित अन्य जिम्मेदारियों के लिए कार्मिकों की आवश्यकता पर विचार-विमर्श किया गया। डीएम डाॅ. आशीष चौहान ने अस्पताल के बेहतर संचालन में सहयोग को लेकर स्वास्थ्य सचिव से बातचीत भी की। जिला अस्पताल का संचालन मंगलवार शाम से होगा।सोमवार को डीएम पौड़ी डाॅ. आशीष चौहान की अध्यक्षता में जिला अस्पताल पौड़ी की पहली प्रबंध समिति की बैठक आयोजित हुई। इस दौरान एसीएमओ व प्रभारी पीएमएस डाॅ. रमेश कुंवर ने ओपीडी पंजीकरण, आयुष्मान सहित अन्य कार्यों के संपादन में कार्मिकों की आवश्यकता का प्रस्ताव रखा। इसके अलावा उन्होंने दवाई, पेट्रोल सहित अन्य खरीददारी, बिजली-पानी की व्यवस्था आदि के लिए 20 लाख का प्रस्ताव भी रखा। प्रबंध समिति के अध्यक्ष व डीएम पौड़ी डाॅ. आशीष चौहान ने बताया कि दवाई खरीद के लिए 5 लाख, पेट्रोल व्यवस्था के लिए 4 लाख, अन्य खरीदारी के लिए 2.50 लाख के बजट को स्वीकृति दी गई है। ओपीडी पंजीकरण, आयुष्मान में कार्मिकों की आवश्यकता को देखते हुए अस्पताल में बीते लंबे समय से सेवारत कार्मिकों की तैनाती पर विचार-विमर्श किया गया। उन्होंने बताया कि सीएमओ को अस्पताल के बेहतर संचालन को आवश्यक दिशा-निर्देश दे दिए गए हैं। संचालन में सहयोग को लेकर स्वास्थ्य सचिव से भी बातचीत की गई है। उन्होंने हरसंभव सकारात्मक सहयोग का भरोसा दिया है। इस अवसर पर सीएमओ पौड़ी डाॅ. प्रवीण कुमार, सीटीओ गिरीश कुमार आदि मौजूद रहे।