पौड़ी परिसर के छात्रसंघ के पदाधिकारियों ने मुख्य चिकित्साधिकारी से भेंटकर जिला अस्पताल में कई डाक्टरों के ड्यूटी के दौरान अस्पताल से नदारद रहने पर आक्रोश जताया। सीएमओ से इन डाक्टरों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की। छात्रसंघ अध्यक्ष गौरव रावत की अगुवाई में सीएमओ से मिले छात्र नेताओं ने उन्हें बताया कि अस्पताल में तैनात कई डाक्टरों ने अपने निजी क्लीनिक खोले हुए हैं। वह मरीजों को अस्पताल में कम निजी क्लीनिकों में ज्यादा देखते है। डाक्टरों द्वारा अस्पताल के बजाय मेडिकल स्टोर की दवाएं लिखी जा रही हैं जिससे लोगों को काफी दिक्कतें हो रही है। उन्होंने सीएमओ से जिला अस्पताल में डाक्टरों की तैनाती की समय सारिणी लगाने, निजी क्लीनिक चलाने वाले, बाहर से दवाएं लिखने वाले डाक्टरों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की। सप्ताह भर में कार्रवाई न होने पर आंदोलन करने की चेतावनी दी है। इस मौके पर अंकित तड़ियाल, रोशन रावत, अनूप नौटियाल, आशीष नेगी, ऋषभ टम्टा, मोहित थपलियाल आदि मौजूद थे।