संवाद न्यूज एजेंसी
पौड़ी। कारगिल बलिदानी धर्म सिंह रावत जीआईसी कल्जीखाल में मानक क्लब की ओर से मानक लेखन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। विजेता छात्रों को अतिथियों ने नकद पुरस्कार राशि देकर सम्मानित किया।
बुधवार को विद्यालय सभागार में आयोजित कार्यक्रम का उद्घाटन कारगिल बलिदानी के बड़े भाई रमेश सिंह रावत ने किया। कहा पहाड़ में प्रतिभाएं अनेक हैं, मंच के अभाव में निखर नहीं पाती हैं। लेकिन निरंतर आयोजित होने वाले ऐसे आयोजन प्रतिभाओं को पंख प्रदान करते हैं।
इस दौरान प्रेशर कूकर विषय पर मानक लेखन प्रतियोगिता आयोजित हुई। प्रतियोगिता में कक्षा दस की छात्रा सुधा, कक्षा 11 के छात्र विपिन कुमार ने प्रथम, कक्षा 12 की छात्रा सिमरन पटवाल, कक्षा दस के छात्र अमन बिष्ट व कक्षा 11 के छात्र चिराग रावत ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया।
कक्षा दस के छात्र सुधांशु पटवाल व छात्रा भूमि ने तृतीय स्थान हासिल किया। कक्षा दस की छात्रा प्रियांशी व कक्षा 11 की छात्रा अंबिका को सांत्वना पुरस्कार से नवाजा गया। विजेताओं में प्रथम स्थान पाने वाले छात्रों को 1 हजार, द्वितीय को 700, तृतीय को 500 व सांत्वना पुरस्कार के रूप में 250 रुपये की नकद पुरस्कार राशि प्रदान की गई। प्रतियोगिता गणित प्रवक्ता पूनम आर्य की निगरानी में संपन्न हुई। इस अवसर पर प्रधानाचार्य अनीता बलूनी, शिक्षक श्रवण रावत, सुदामा चौधरी, एमएस रावत, तौकीर आलम, आरजू नेगी आदि मौजूद रहे।