लेह। पाकिस्तान के कब्जे वाले गिलगित बाल्टिस्तान से सटे लद्दाख के आखिरी गांव तुरतुक में दिल दिया है जान भी देंगे, ए वतन तेरे लिए... तराना गूंजा। खास बात ये है कि गिटार के साथ इस देशभक्ति गीत को गाते मशहूर बाल्टी गायक फैसल खान अशूर के साथ लद्दाख के सांसद जाम्यांग सेरिंग नामग्याल भी साथ-साथ गाते नजर आए। सांसद लद्दाख के इस सबसे उत्तरी छोर पर बसे गांव के दौरे पर गए थे। रात को ग्रामीणों के साथ बातचीत के दौरान ही संगीत की महफिल सज गई। इसी बीच दिल दिया है जान भी देंगे, ए वतन तेरे लिए... गीत के स्वर गूंजने लगे। सांसद ने इस वीडियो को अपने फेसबुक अकाउंट पर शेयर किया, जिसे 42 हजार लोग देख चुके हैं। तुरतुक दौरे में सांसद के साथ कई अन्य प्रतिनिधि भी शामिल थे।