पौड़ी। जिला मुख्यालय पौड़ी से मात्र 26 किलोमीटर की दूरी पर राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 121 पर स्थित पाबौ बाजार में सड़क में बना गड्ढा दुर्घटना का सबब बना हुआ है। जिससे वाहनों से लेकर पैदल चलने वाले यात्रियों के गड्ढे में गिरने का भय बना रहता है। क्षेत्र के सामाजिक कार्यकर्त्ता कर्मवीर भंडारी ने बताया कि पाबौ बाजार पूरे राठ क्षेत्र की व्यापारिक गतिविधियों का केंद्र है। यहां पर हमेशा ग्रामीणों व वाहनों की अधिकता बनी रहती है। रविवार सुबह एक कार इस गड्डे में गिरकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। उन्होंने बताया कि लगभग डेढ़ साल से राष्ट्रीय राजमार्ग पर यह गड्ढा बना हुआ है। लेकिन विभाग के अधिकारियों ने इस गड्ढे को ठीक करने की कोशिश भी नहीं की। वह कई बार विभाग के उच्चाधिकारीयों को इस समस्या से अवगत करा चुके हैं। लेकिन उनके कानों में जूं तक नहीं रेंग रही है। व्यापारी नरेंद्र प्रसाद चमोली, दीपक रावत, गुलाब सिंह बिष्ट, संजय चमोली ने बताया कि राष्ट्रीय राजमार्ग के अधिकारी व कर्मचारी पाबौ बाजार से बार-बार गुजरते हैं। लेकिन उनके द्वारा डेढ़ वर्ष में राजमार्ग पर हुए इस गड्ढे को सही करने की जहमत नहीं उठाई गई। व्यापारियों ने बताया कि अगर इस गड्ढे को विभाग द्वारा शीघ्र ही ठीक नहीं किया गया तो वह राष्ट्रीय राजमार्ग के धुमाकोट स्थित कार्यालय का घेराव करने को मजबूर होंगे।