फोटो
कीर्तिनगर। लोक निर्माण विभाग कीर्तिनगर की ओर से राज्य योजना के अंतर्गत चौरास क्षेत्र के आंतरिक मार्गों के पुनर्निर्माण एवं सुदृढ़ीकरण का कार्य शुरू कर दिया गया है। करीब 9 किमी से अधिक आंतरिक मोटर मार्गों के लिए 318.97 लाख रुपये का बजट स्वीकृत है। विधायक देवप्रयाग विनोद कंडारी ने निर्माण कार्य का शिलान्यास किया। उन्होंने कहा कि विधानसभा क्षेत्र में लोगों को बुनियादी सुविधाओं का लाभ मिले इसके लिए वह निरंतर प्रयासरत हैं। कहा कि चौरास क्षेत्र की पेयजल समस्या को दूर कर दिया गया है। चौरास मोटर पुल से विवि की बाउंड्री के बाहर से चौरास क्षेत्र के लोगों के लिए आवाजाही के लिए मार्ग का नवनिर्माण जल्द पूरा हो जाएगा। मौके पर क्षेत्र के राम दयाल चौहान ने क्षेत्र में पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए आभार स्वरूप विधायक को चांदी का मुकुट भेंट किया। कार्यक्रम में क्षेत्र पंचायत सदस्य सोनू बहुगुणा, मनोज जोशी, सुमन नौटियाल, अंजलि चौहान, नवीन कठैत, प्रधान धर्म भंडारी, वासु भट्ट, मनीष डंगवाल, प्रधान सपना देवी आदि मौजूद रहे। संवाद