संवाद न्यूज एजेंसी
श्रीनगर। प्रदेश के शिक्षा मंत्री डा. धन सिंह रावत ने कहा कि राजकीय प्राथमिक एवं राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय डांग ऐठाणा को मॉडल स्कूल बनाया जाएगा। उन्होंने निर्माणदायी संस्था को चार माह के भीतर मरम्मतीकरण कार्य पूरा करने के निर्देश दिए हैं।
सोमवार को प्रदेश के शिक्षा मंत्री ने नगर निगम के डांग क्षेत्र में राजकीय प्राथमिक एवं राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय डांग ऐठाणा के भवन मरम्मतीकरण का शिलान्यास किया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार शिक्षा के क्षेत्र में लगातार बेहतर कार्य कर रही है। विद्यालयों के ढांचागत विकास, प्रयोगशाला निर्माण, शिक्षकों व कर्मचारियों की तैनाती कर रही है। उन्होंने बताया कि राप्रावि एवं राउप्रावि डांग ऐठाणा को मॉडल स्कूल बनाया जाएगा। चार माह के भीतर 30.34 लाख की लागत से मरमत्तीकरण कार्य पूर्ण कर लिया जाएगा। पानी की निकासी, स्कूल तक आने वाले रास्ते को बनाया जाएगा।
डीईओ माध्यमिक व प्रभारी डीईओ बेसिक रामेंद्र कुशवाहा ने बताया कि राप्रावि में 29 बच्चें अध्ययनरत हैं और दो शिक्षक सेवारत हैं। राउप्रावि में 17 बच्चें अध्ययरत व सात शिक्षक सेवारत हैं। उन्होंने कहा कि शिक्षण कार्य विद्यालय में समन्वय के साथ बेहतर रूप से किया जा रहा है। इस अवसर पर राज्य सहकारी संघ के अध्यक्ष मातवर सिंह रावत, डीसीबी अध्यक्ष नरेंद्र रावत, जिलाध्यक्ष भाजपा सुषमा रावत, पूर्व राज्यमंत्री अतर सिंह असवाल, मंडल अध्यक्ष जितेंद्र धीरवाण, डॉ. सुधीर जोशी, गणेश भट्ट, पंकज सती आदि मौजूद रहे।