श्रीनगर। सराफा धर्मशाला में 12 से 18 अगस्त तक श्री राम कथा (धेनु मानस गौ टीका) का आयोजन होगा, जिसका वाचन गोपाल मणि महाराज करेंगे। कथा का आयोजन एक वर्षीय गौ माता राष्ट्रमाता साधना के उद्यापन के अवसर पर किया जा रहा है। रविवार को भारतीय गौ क्रांति मंच, श्रीनगर-श्रीकोट की बैठक में तैयारियों की समीक्षा की गई। मंच के महासचिव राजेंद्र प्रसाद बर्थवाल ने बताया कि गोपाल मणि महाराज ने उत्तरकाशी के चोपड़ा धाम में एक वर्ष तक यज्ञ और मौन व्रत कर गौ माता को राष्ट्रमाता का दर्जा दिलाने का संकल्प लिया। उन्होंने बताया कि इस अभियान को देशभर के संतों, विद्वानों और शंकराचार्यों का समर्थन मिला है। अभियान का उद्देश्य गौवंश पर अत्याचार रोकना, गौ सेवा को बढ़ावा देना तथा केंद्र सरकार से गौ माता को राष्ट्रमाता का दर्जा और गौ सेवा मंत्रालय के गठन की मांग करना है। बैठक में आयोजन को सफल बनाने के लिए जनसहयोग का आह्वान किया गया। इस दौरान मंजू मैठानी, सावित्री गैरोला, सुंदरी देवी, नीलम पोखरियाल, मंजू डोभाल, लक्ष्मी गैरोला, मुन्नी चमोली, मंजू मरोड़ी, गैणा देवी पंवार, पिंकी रावत, कलम सिंह, प्रकाश मैठानी और विक्रम सिंह रावत सहित अन्य मौजूद रहे।