- जिला स्तरीय टास्क फोर्स की बैठक में दिए निर्देश
पौड़ी। सीडीओ अशोक जोशी की अध्यक्षता में बृहस्पतिवार को जिला स्तरीय टास्क फोर्स की बैठक आयोजित की गई। बैठक में किशोरियों को माहवारी स्वच्छता, पोषण, स्वास्थ्य एवं शिक्षा के प्रति जागरूक करने के लिए विद्यालयों और आंगनबाड़ी केंद्रों में नियमित जागरूकता कार्यक्रम संचालित करने के निर्देश दिए गए। विकास भवन सभागार में आयोजित बैठक में सीडीओ ने संबंधित योजनाओं व कार्यक्रमों का प्रभावी क्रियान्वयन करने को कहा। उन्होंने शिक्षा विभाग को जरूरतमंद व मेधावी छात्राओं को उच्च शिक्षा के लिए आवश्यक आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। सीडीओ ने किशोरियों की सुरक्षा के मद्देनजर संवेदनशील एवं आवश्यक स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगाने के भी निर्देश दिए। बैठक में मुख्यमंत्री महालक्ष्मी किट योजना, कन्या धन योजना, बालिका सुरक्षा व अन्य योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। प्रभारी जिला कार्यक्रम अधिकारी आशा रावत ने विभागीय कार्ययोजना एवं संचालित योजनाओं की जानकारी दी। बैठक में डीईओ प्राथमिक अंशुल बिष्ट, सहायक जिला पंचायती राज अधिकारी प्रदीप सुंदरियाल, सीडीपीओ पूजा रावत, एसीएमओ डॉ. अमित, सीडीपीओ महबूब खान एवं उपनिरीक्षक अनीता आदि मौजूद रहे।