संवाद न्यूज एजेंसी
देवप्रयाग। केंद्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय रघुनाथ कीर्ति परिसर ने राष्ट्रीय स्तर के उत्तर क्षेत्रीय युवा महोत्सव में नौ स्वर्ण, छह रजत तथा चार कांस्य पदक प्राप्त कर द्वितीय स्थान हासिल किया। केंद्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय की ओर से हर वर्ष भारतीय ज्ञान परम्परा के संरक्षण के साथ ही शारीरिक स्वास्थ्य को दृष्टिगत रखते हुए युवा महोत्सव का आयोजन अखिल भारतीय स्तर पर किया जाता है। इस वर्ष उत्तर क्षेत्रीय युवा महोत्सव का आयोजन हरियाणा के अंबाला में किया गया। इसमें जम्मू, हिमाचल, उत्तराखंड के केन्द्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय से सम्बद्ध महाविद्यालयों और परिसरों के छात्र-छात्राओं ने भाग लिया। देवप्रयाग स्थित श्रीरघुनाथकीर्ति परिसर के 40 छात्र-छात्राओं ने भाग लिया। सभी प्रतियोगिताओं में अपना कौशल दिखाते हुए द्वितीय स्थान हासिल किया। इन्होंने कुल नौ स्वर्णपदक, छह रजतपदक तथा चार कांस्यपदक प्राप्त किए। संयोजक डॉ.अनिल कुमार, मार्गदर्शक हिमांशु बिंजोला, रजत गौतम छेत्री और पायल पाठक ने भी इस उपलब्धि पर प्रसन्नता जताई।